‘दंगल’ अभिनेत्री जायरा वसीम से छेड़छाड़ का आरोपी गिरफ्तार

zaira

मुंबई। ‘दंगल’ फिल्म से ख्याति पाने वाली अभिनेत्री जायरा वसीम के साथ विमान में कथित रूप से छेड़छाड़ करने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की पहचान विकास सचदेव के रूप में हुई है। उसे कल रात गिरफ्तार किया गया। पुलिस उपायुक्त अनिल कुम्भारे ने बताया कि विकास को आद अदालत में पेश किया जाएगा।

इससे पहले इस घटना को लेकर काफी हंगामा हुआ और महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग ने इस ‘‘शर्मनाक’’ घटना की जांच की मांग की। जायरा का आरोप है कि दिल्ली से मुंबई जा रहे एक विमान में उनके सह-यात्री ने उनके साथ छेड़छाड़ की। वरिष्ठ पुलिस इंस्पेक्टर लता शिरसत ने बताया कि विकास सचदेव के खिलाफ भादंसं की धारा 354 (शीलभंग करने के इरादे से महिला पर आक्रमण या आपराधिक हमला) और अभिनेत्री के नाबालिग रहने के कारण यौन अपराध से बच्चों की सुरक्षा (पोक्सो) कानून के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।

विमानन कंपनी ने कहा कि उसने घटना को लेकर नियामक, नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) को पहले ही प्रारंभिक रिपोर्ट सौंप दी है। इस घटना की व्यापक निंदा हो रही है। विमानन कंपनी विस्तारा ने भी इस संबंध में जायरा से माफी मांगी है। कंपनी ने कहा कि इस तरह की घटनाओं को वह ‘कतई बरदाश्त’ नहीं करती और इस संबंध में वह भी जांच कर रही है। कंपनी ने साथ ही कहा कि यह एक ‘‘दुर्भाग्यपूर्ण घटना’’ है।

एयरलाइन ने साथ ही कहा कि उसके प्रबंधन दल के वरिष्ठ सदस्य जायरा से मिलने मुंबई जा रहे हैं। अभिनेत्री ने अपने साथ हुई घटना के बारे में इंस्टाग्राम पर जानकारी दी थी। जायरा ने कहा कि वह दिल्ली से मुंबई जाने वाले एयर विस्तारा के विमान में यात्रा कर रही थीं, तभी उनके पीछे बैठे व्यक्ति ने गलत तरीके से छूने की कोशिश की।

Print Friendly, PDF & Email

Related posts

Leave a Comment